KCR ने पुलिस को सतर्क किया, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती से निपटने की दी खुली छूट

अराजकता से निपटने के लिए पुलिस को दी खुली छूट
फर्जी खबर फैलाने के लिए सोशल मीडिया का ले रहे सहारा
हैदराबाद : जीएचएमसी चुनाव 2020 (GHMC Elections 2020) में तेलंगाना (Telangana) के मुख्यमंत्री केसीआर (KCR) ने पुलिस को सतर्क किया है। उन्होंने असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए पुलिस को आदेश दिये। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व राज्य में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश रच रहे हैं। कुछ अराजक तत्व अवसाद का शिकार हुए हैं। सरकार के पास असामाजिक तत्वों की खुरापतों की पक्की जानकारी है।
केसीआर ने कहा है कि जीएचएमसी चुनाव 2020 में असमाजिक तत्वों और अराजकता से निपटने के लिए पुलिस को खुली छूट दी गई है। चुनाव में शांति और कानून व्यवस्था को राज्य सरकार के एजेंडे में प्राथमिकता दी गई है। शांति और सद्भाव को बिगाड़नेवाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेषकर युवाओं को आह्वान किया है कि सांप्रदायिक ताकतों के झांसे में आकर साजिश का हिस्सा न बने।
मुख्यमंत्री ने राजनीतिक दलों से भी अपील की है कि जीएचएमसी चुनाव 2020 को लोकतांत्रिक तरीके और पारदर्शिता से पूरा करें। सीएम केसीआर ने राज्य में शांति और कानून व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा की। समीक्षा में राज्य के मुख्य सचिव सोमेश कुमार, डीजीपी महेंदर रेड्डी, हैदराबाद पुलिस आयुक्त अंजनी कुमार, साइबराबाद पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार, राचकोंडा पुलिस आयुक्त महेश भागवत, निजामाबाद के आईजी शिवशंकर रेड्डी, वरंगल के आईजी प्रमोद कुमार शामिल थे।
इसे भी पढ़ें :
GHMC Elections 2020 : KTR का भाजपा पर तीखा हमला, कहा-BJP का बेचो इंडिया तो हमारा सोचो इंडिया
सीएम केसीआर ने कहा कि जीएचएमसी चुनाव 2020 में राजनीतिक दलों के कुछ नेता लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं। साजिश रचकर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। फर्जी खबर फैलाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं। तस्वीरों में मार्फिंग कर लोगों को सोशल मीडिया में भटका रहे हैं। लोगों को उकसानेवाले बयान देकर चुनाव में शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।