कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने नीतीश के आगे जोड़े हाथ, बिहार के सत्ता समीकरण का सुझाया फार्मूला

दिग्विजय सिंह ने बिहार के लिए सुझाया समीकरण
नीतीश को दिया महागठबंधन में आने का न्यौता
नई दिल्ली: कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सलाह दी है। दिग्गी राजा के मुताबिक नीतीश कुमार को बड़ा दिल दिखाते हुए सत्ता तेजस्वी यादव को सौंप देनी चाहिए, मतलब कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए समर्थन देना चाहिए। साथ ही बीजेपी से नाता तोड़कर राजद के साथ मिलकर महागठबंधन की सरकार बना लेनी चाहिए। दिग्गी राजा ने सुझाव दिया कि नीतीश कुमार को अपनी पार्टी के लिए डिप्टी सीएम पद से समझौता करना चाहिए। कांग्रेस नेता ने नीतीश को विचारधारा की लड़ाई का हवाला दिया।
बिहार के सियासी जानकार हालांकि दिग्विजय सिंह के बयान को बेतुका बता रहे हैं। उनके मुताबिक अगर एनडीए में साथ रहकर नीतीश को मुख्यमंत्री की कुर्सी मिल रही है। फिर वो क्यों राजद के साथ हाथ मिलाने जाएंगे। वैसे भी नीतीश ने कई बार विभिन्न मंचों से कहा है कि वो राजद के साथ साझेदारी में असहज महसूस करते हैं। वहीं राजद के लिए भी जदयू का समर्थन लेना आसान नहीं है, खुद तेजस्वी ने कई बार कहा कि वे किसी भी सूरत में चाचा का समर्थन लेकर सरकार नहीं बनाएंगे।
कांग्रेस के चक्कर में बर्बाद हुई राजद
माना जाता है कि भारी जीत और सबसे बड़ी पार्टी का तमगा लेने के बावजूद राजद सरकार बनाने से चूक गई। जिसके लिए सभी कांग्रेस पार्टी को ही जिम्मेदार मान रहे हैं। कांग्रेस ने जितनी सीटों पर चुनाव लड़ा उस हिसाब से उसका प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा। नतीजतन तेजस्वी यादव का बिहार में सबसे कम उम्र में मुख्यमंत्री बनने का सपना चकनाचूर हो गया। महागठबंधन पीएम मोदी के नेतृत्व वाले NDA के सामने मामूली सीटों से पिछड़ गया। बिहार में एक बार फिर से जनता ने एनडीए पर ही भरोसा जताया है।
दिग्विजय ने नीतीश के लिए जोड़े हाथ
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राहुल गांधी के सबसे करीबियों में से एक मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हालांकि कांग्रेस की हार को लेकर कुछ खास नहीं कहा। ये जरूर है कि उन्होंने नीतीश कुमार से हाथ जोड़कर विनती की है कि वे एक बार फिर से महागठबंधन में शामिल हो जाएं और कांग्रेस, RJD, JDU की सरकार बनवाएं। दिग्विजय सिंह ने प्रार्थना के सुर में कहा कि नीतीश को अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाने में सहयोग करना चाहिए। यहां तक कि दिग्गी राजा ने नीतीश और लालू की दोस्ती का हवाला देकर नीतीश को महागठबंधन में फिर से शामिल होने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी नीतीश का भतीजा है, चाचा को कई बार उसने मदद की है, एक बार तो भतीजे को भी मदद कर दीजिए।
बिहार में सीटों का इस तरह हुआ बंटवारा
बिहार में सत्ताधारी राजग में शामिल भाजपा (BJP) ने 74 सीटों पर, जदयू (JDU) ने 43 सीटों पर, विकासशील इंसान पार्टी ने 4 सीटों पर और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। विपक्षी महागठबंधन में शामिल राजद (RJD) ने 75 सीटों पर, कांग्रेस (Congress) ने 19 सीटों पर, भाकपा माले ने 12 सीटों पर, भाकपा एवं माकपा ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की है।