देश में 24 घंटे में मिले रिकॉर्ड 20903 कोरोना केस, मृतकों की संख्या 18 हजार के पार

नई दिल्ली : भारत में कोरोना वायरस हर रोज एक नया रिकॉर्ड बना रहा है। देश में शुक्रवार को कोरोना के रिकॉर्ड 20 हजार 903 केस सामने आए हैं और संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 6 लाख 25 हजार 544 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 379 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 18 हजार 213 हो गई है। हालांकि इस दौरान 20 हजार से अधिक लोग रिकवर भी हुए हैं। अब तक कुल 3 लाख 79 हजार 892 लोग ठीक हो चुके हैं। आज कुल एक्टिव केस में महज 492 की वृद्धि हुई है। देश में अब कुल एक्टिव केस 2 लाख 27 हजार 439 हैं।
India reports 379 deaths and highest single-day spike of 20,903 new #COVID19 cases in the last 24 hours. Positive cases stand at 6,25,544 including 2,27,439 active cases, 3,79,892 cured/discharged/migrated & 18213 deaths: Ministry of Health & Family Welfare pic.twitter.com/tFL7lwp11i
— ANI (@ANI) July 3, 2020
आईसीएमआर ने बताया कि 2 जुलाई को कुल 2 लाख 41 हजार 576 सैंपल की जांच की गई। अब तक देश में कुल 92 लाख 97 हजार 749 टेस्ट हो चुके हैं। यह लगातार सातवां दिन है जब कोरोना वायरस के 18,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। एक जून से लेकर 2 जुलाई तक कोविड-19 के मामले 4,14,106 तक बढ़े हैं।
भारत में गुरुवार को संक्रमितों की संख्या छह लाख के पार चली गई थी। महज पांच दिन में 1 लाख केस सामने आए हैं। देश में अब तक 60.72 फीसदी मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले एक लाख पहुंचने में 110 दिन लगे थे, जबकि महज 44 दिनों में मामले छह लाख के पार चले गए।
महाराष्ट्र में अब तक 1 लाख 86 हजार 626 लोग संक्रमित हो चुके हैं। यहां 8178 मरीजों की जान जा चुकी है। राज्य में अभी 77 हजार 276 एक्टिव केस हैं। दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है जहां अब तक 98 हजार 392 लोग संक्रमित हुए हैं और 1321 लोगों की मौत हुई है। यहां अब 41 हजार 50 एक्टव केस हैं। दिल्ली में 92 हजार 175 लोग संक्रमित हुए हैं और यहां 2864 लोगों की जान जा चुकी है। राजधानी में 26 हजार 304 मरीजों का इलाज चल रहा है।