जन्मदिन विशेष : महाभारत की 'द्रौपदी' रूपा गांगुली कैसे बनीं भाजपा नेता

बंगाली सीरियल से हुई थी करियर की शुरुआत
कई बॉलीवुड फिल्मों में कर चुकीं हैं काम
तीन बार की आत्महत्या करने की कोशिश
नई दिल्ली : महाभारत में द्रोपदी (Draupadi) का किरदार निभाने वाली रूपा गांगुली (Roopa Ganguly) का जन्म 25 नवंबर 1966 को कोलकाता के कल्याणी में हुआ था। रूपा पेशे से एक अभिनेत्री (Actress), पार्श्व गायिका (Playback Singer), सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिज्ञ (Politician) हैं। रूपा की प्रारंभिक पढ़ाई बेल्टला गर्ल्स हाई स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने कोलकाता के यूनिवर्सिटी ऑफ़ कलकत्ता के एक संबद्ध स्नातक महिला जोगमाया देवी कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
रूपा के करियर की शुरुआत एक बंगाली सीरियल 'मुक्तबंध' से हुई थी। इसके बाद साल 1988 में दूरदर्शन पर शुरू हुए धारावाहिक 'महाभारत' में रूपा गांगुली ने द्रोपदी का किरदार निभाया था। इस दौरान रूपा के द्रोपदी रोल को खूब पसंद किया गया था और वह रातों रात मशहूर हो गई थीं। रूपा ने टॉलीवुड के कई डायरेक्टर्स के साथ काम किया है। इसके अलावा वह बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।
शो के दौरान किए खुलासे
महाभारत की द्रोपदी रूपा गांगुली ने 'सच का सामना' शो के दौरान अपने निजी जीवन की कई बातों का खुलासा किया था। इस दौरान उन्होंने बताया था कि जब वह 'महाभारत' कर रही थीं, उस दौरान उनके विवाहेतर संबंध बने। साल 1992 में रूपा गांगुली ने मैकेनिकल इंजीनियर ध्रुबो मुखर्जी से शादी की थी, जिसके बाद वह अपना करियर छोड़कर पति ध्रुबो के साथ कोलकाता चली गईं थीं। कुछ समय बाद दोनों का एक बेटा भी हुआ।
जीवन के उतार चढ़ाव
इंजीनियर ध्रुबो से शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच में झगड़े होने लगे थे, तब रूपा ने तीन बार आत्महत्या करने की भी कोशिश की थी। रिश्तों में दूरियां बढ़ने के कारण साल 2007 में रूपा और ध्रुबो अलग हो गए थे और साल 2009 में औपचारिक रूप से दोनों ने तलाक ले लिया था। पति से अलग होने के बाद रूपा प्रेमी दिब्येंदु के साथ अपने मुंबई के फ्लैट में रहती थीं। अपनी उम्र से 13 साल छोटे दिब्येंदु के बारे बोलते हुए रूपा ने कहा था कि मैं दिब्येंदु की वजह से ही कोलकाता से वापस मुंबई आई। उसने मुझे दोबारा काम करने के लिए प्रेरित किया ताकि लोग मेरे काम को दोबारा याद करें।
इसे भी पढे़ें :
भाजपा नेता रूपा गांगुली
सिनेमा जगत में लंबी पारी खेलने के बाद साल 2015 में रूपा गांगुली ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली थी। पश्चिम बंगाल विधानसभा से चुनाव से कुछ समय पहले रूपा भाजपा में शामिल हुई थीं। उन्हें भाजपा महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया था। इसी दौरान उन्होंने हावड़ा उत्तर से डब्ल्यूबी विधानसभा चुनावों में भाजपा से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गई थीं। साल 2017 में पूर्व क्रिकेटर व राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू ने भाजपा से नाराज होकर राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद रूपा को नवजोत सिंह सिद्धू की जगह पर राज्यसभा सांसद बनाया गया।