दिवाली की पूजा में लक्ष्मीजी की फोटो के साथ ही रखें ये खास चीजें, मिलेगा शुभ फल

दिवाली की पूजा में रखें ये खास चीजें
इन खास चीजों को पूजा में रखने से प्रसन्न होंगी मां लक्ष्मी
दिवाली इस बार 14 नवंबर शनिवार को है और हम सब जानते ही हैं कि इस दिन शुभ मुहूर्त में मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इस दिन मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए कई खास उपाय भी किये जाते हैं।
देखा जाए तो मां लक्ष्मी की पूजा में हम लक्ष्मी जी की गणेशजी और सरस्वती के साथ वाली फोटो तो रखते ही हैं पर ज्योतिषियों का कहना है कि लक्ष्मी पूजा में और भी कई खास चीजें रखनी चाहिए जिसका शुभ फल मिलता है।
आइये यहां जानते हैं कि आखिर कौन सी चीजें मां लक्ष्मी की पूजा में रखनी चाहिए...
- दिवाली की पूजा में मां लक्ष्मी की ऐसी फोटो रखें जिसमें वे कमल पर विराजमान हों और उनके पैर न दिखे। इस फोटो में उनके साथ भगवान गणेश व सरस्वती भी हों। इस तस्वीर की पूजा करना बहुत शुभ माना गया है।
- मां लक्ष्मी के चांदी से चरण चिह्न खरीदना चाहिए। इसे लक्ष्मी पूजा में रखें और इसके बाद घर की तिजोरी में इसे रखना शुभ होता है।
- श्रीयंत्र देवी लक्ष्मी का प्रतीक है। इसे घर के मंदिर में स्थापित करना चाहिए और दिवाली पूजा में भी इसे जरूर रखें।
- कुबेर धन के देवता और देवताओं के कोषाध्यक्ष हैं। इनकी प्रतिमा घर की उत्तर दिशा में रखनी चाहिए। दिवाली पूजा में भी इसे जरूर रखें।
- विष्णुजी और महालक्ष्मी की पूजा में दक्षिणावर्ती शंख का महत्व काफी अधिक है। दिवाली पर शंख खरीदें और इस शंख में केसर मिश्रित दूध भरकर विष्णु-लक्ष्मी का अभिषेक करें।
- मोती शंख एक दुर्लभ शंख है। दिखने में बहुत ही सुंदर होता है। दीपावली पर मोती शंख खरीदें और पूजा के बाद इसे अपनी तिजोरी में रखें।
- दिवाली पर लक्ष्मी पूजा के लिए पारे से बनी लक्ष्मी प्रतिमा बहुत शुभ मानी गई है। दिवाली पर पारद लक्ष्मी की मूर्ति खरीदनी चाहिए।
- लक्ष्मीजी समुद्र से प्रकट हुई थीं और कौड़ी भी समुद्र से ही मिलती है। इसी वजह से लक्ष्मी पूजा में पीली कौड़ियां रखने की परंपरा पुराने समय से चली आ रही है।
- देवी लक्ष्मी की पूजा में कमल का फूल रखना अनिवार्य है। कमल के पौधे से कमल गट्टा भी मिलता है। कमल गट्टे से बनी माला से लक्ष्मी मंत्र का जाप करना चाहिए। दीपावली पर कमल गट्टे की माला भी खरीद सकते हैं।
- आम नारियल से थोड़ा छोटा होता है लघु नारियल। दीपावली पर इस नारियल की पूजा करनी चाहिए। पूजा के बाद लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रख सकते हैं।