बांस के उत्पादों का निर्यात बढ़ाएगा भारत : तोमर

राष्ट्रीय बांस मिशन (एनबीएम) के लोगो का विमोचन
तेलंगाना का 'डिजाइन' चुना गया
नई दिल्ली : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत बांस के उत्पादों का निर्यात बढ़ाएगा। केंद्रीय मंत्री ने यहां एक वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान देश के नौ राज्यों के 22 बांस क्लस्टरों का शुभारंभ करते हुए राष्ट्रीय बांस मिशन (एनबीएम) के लोगो का विमोचन किया।
नौ राज्यों में मध्य प्रदेश, असम, कर्नाटक, नागालैंड, त्रिपुरा, ओडिशा, गुजरात, उत्तराखंड और महाराष्ट्र शामिल हैं। मोदी सरकार मिशन मोड में बांस की खेती और इस पर आधारित उद्योग को बढ़ावा दे रही है, ताकि किसानों को इससे अतिरिक्त आय मिले। तोमर ने कहा, "देश में बांस मिशन सफल हो रहा है और भारत अब बांस के उत्पादों का निर्यात बढ़ाने की दिशा में अग्रसर होगा।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्थानीय उद्यमियों की प्रगति, उनका सरंक्षण और देसी उत्पादों को बढ़ावा देने के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद मोदी की संकल्पना के अनुरूप बांस मिशन को लेकर सरकार का जो मकसद है, वह सफल हो रहा है। उन्होंने कहा कि बांस के महत्व को देखते हुए सरकार ने 'पेड़' की परिभाषा से बांस को हटाने के लिए भारतीय वन अधिनियम-1927 में वर्ष 2017 में संशोधन किया, जिससे किसानों को बांस और बांस आधारित उत्पादों की सुगम आवाजाही में मदद मिली है।
तोमर ने कहा, "आज सभी लोग बांस की खेती और व्यवसाय करने के लिए स्वतंत्र है। आयात नीति में भी परिवर्तन के साथ बांस मिशन की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए सरकार काम कर रही है, जिससे यह व्यवसाय बढ़ रहा है और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं।" उन्होंने कहा कि देश में एक बड़ा रकबा ऐसा है, जहां फसलों की खेती नहीं हो सकती लेकिन बांस का उत्पादन किया जा सकता है।